For the best experience, open
https://m.sachbedhadak.com
on your mobile browser.

जैसलमेर में 2 हिरणों का शिकार, पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार

07:24 PM Aug 14, 2023 IST | Sanjay Raiswal
जैसलमेर में 2 हिरणों का शिकार  पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार

जैसलमेर। राजस्थान के जैसलमेर जिले के सीमावर्ती तनोट क्षेत्र में हिरणों के शिकार का मामला सामने आया है। जैसलमेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 शिकारियों को गिरफ्तार किया है। रविवार देर रात तनोट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ईशावल कुआं के पास वन विभाग के क्षेत्र में एक संदिग्ध बोलेरो शिकार की नीयत से घूम रही है।

Advertisement

सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध बोलेरो गाड़ी को रुकवाया और तलाशी ली। पुलिस को तलाशी के दौरान गाड़ी के अंदर से दो मृत हिरण मिले, जिनके गले काटे हुए थे। इसके बाद पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर तनोट थाने लेकर आई।

पुलिस ने बताया कि एक बिना नंबर की सफेद बोलेरो कैंपर गाड़ी संदिग्ध घूमने की सूचना मिली थी। इसके बाद तनोट पुलिस टीम के हैड कांस्टेबल जुगताराम, कांस्टेबल मालाराम, विष्णुराम व चाक संजय कुमार मौके पर पहुंचे और गाड़ी को रूकवाकर तलाशी ली।

पुलिस को तलाशी के दौरान बोलेरो गाड़ी में 2 मृत हिरण मिले। साथ ही शिकार में काम में लिए गए अवैध हथियार भी मिले। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने हिरणों का शिकार करने की वारदात करना कबूल की।

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अबरार (26) पुत्र हाजीकमाल खां, तालब खां (30) पुत्र रोजे खां, सुल्तान खां (18) पुत्र सुभान खां, दिलबर खां (20) पुत्र सुभान खां और हबीब खां (19) पुत्र सोढे खां निवासी खुईयाला को गिरफ्तार जैसलमेर वन विभाग को सूचित कर दिया है। पुलिस ने वन विभाग अधिनियम के तहत आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

(इनपुट-श्रीकांत व्यास)

.